
छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने अपने ही भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रायपुर जिले के विधानसभा Police Station क्षेत्र के ग्राम मटिया का है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी लोकनाथ विश्वकर्मा ने थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे उनके पुत्र कमलेश विश्वकर्मा के बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इस दौरान परिवार के सदस्य दिनेश कुमार विश्वकर्मा बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए थे। इसी बात को लेकर परिवार के अन्य सदस्यों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि जब दिनेश कुमार विश्वकर्मा बच्चे को अस्पताल लेकर गए तो इस बात से कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश विश्वकर्मा नाराज हो गए। दोनों ने दिनेश से सवाल किया कि उसने बच्चे को अस्पताल क्यों ले जाया। इसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कमलेश और अखिलेश ने मिलकर दिनेश कुमार विश्वकर्मा पर हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला कर दिया। दोनों ने बेरहमी से उसकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक दिनेश को गंभीर चोटें लग चुकी थीं। बाद में उसकी मौत हो गई।
विधानसभा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि हत्या की घटना पारिवारिक विवाद के कारण हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत Bharatiya Nyaya Sanhita की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी –
01. कमलेश विश्वकर्मा पिता लोकनाथ विश्वकर्मा उम्र 27 साल निवासी ग्राम मटिया थाना विधानसभा रायपुर ।
02. अखिलेश विश्वकर्मा पिता लोकनाथ विश्वकर्मा उम्र 32 साल निवासी ग्राम मटिया थाना विधानसभा रायपुर |



