
रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में होली के अगले ही दिन एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। आज सुबह करीब 7 बजे रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित कॉलोनी में दो दोस्तों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा ने बताया कि सुबह दो युवक रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित कॉलोनी में टहलने निकले थे। दोनों आपस में अच्छे दोस्त बताए जा रहे हैं। टहलने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने पास रखे धारदार हथियार से दूसरे युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी युवक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्रित करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही रायपुर शहर में होली का त्योहार बेहद शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया था। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद यह पहली होली थी, जिसमें शहर में किसी भी प्रकार की बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई थी। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए थे, जिसके चलते शहर में त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
हालांकि दूसरी ओर रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार युवकों की हत्या के मामले भी सामने आए थे। इन घटनाओं ने पहले ही पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी। पुलिस ने इन मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी दो आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।इसी बीच शहर में होली के अगले ही दिन हुई इस हत्या की वारदात ने गुढ़ियारी और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और इलाके में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए मृतक और आरोपी के आपसी संबंधों के साथ-साथ उनके पिछले विवादों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



