
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई. शराब के नशे में तालाब में नहाने उतरे दोनों युवक डूब गए. जिनमें से एक की मौत तेलीबांधा थाना क्षेत्र के तालाब (मरीन ड्राइव) में और दूसरे की विधानसभा थाना क्षेत्र के छठ तालाब में हुई. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बरामद कर लिया है.
मरीन ड्राइव में डूबने से युवक की मौत
तेलीबांधा मरीन ड्राइव के पास स्थित तालाब में दोपहर करीब 2:15 बजे हनी मानिकपुरी उम्र 23 सालडूब गया. वह अपने दोस्त के साथ छुट्टी मनाने आया था. बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशे की हालत में तालाब में नहाने के लिए उतरे थे. इस दौरान हनी गहराई में चला गया और डूब गया, जबकि उसका दोस्त तैरकर बाहर निकल गया. हादसे की खबर मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक के बाद शव को बरामद किया। मृतक गुंडरदेही का रहने वाला था और रायपुर के टाटीबांध क्षेत्र में रहकर एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था. तेलीबांधा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है.
छठ तालाब में डूबने से मौत
दूसरी घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित छठ तालाब की है. यहां रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वीरू धीवर उम्र 32 साल अपने दोस्त के साथ शराब पीने के बाद नहाने के लिए तालाब में उतरा। गहराई का अंदाजा न होने की वजह से वह तालाब में डूब गया. युवक को डूबता देख आसपास के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके. मृतक वीरु धीवर हलवाई का काम करता था. और उसके तीन बच्चे हैं.
थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वीरु अपने एक दोस्त के साथ तालाब किनारे बैठकर शराब पी रहा था. नशे में वह अकेले नहाने के लिए तालाब में उतर गया. गहराई का अंदाजा न होने से वह डूबने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की. लेकिन कामयाब नहीं हो पाए.
दोनों युवकों के मौत से दोनों परिवार में मातम पसर गया है. वहीं पुलिस दोनों मामलों में मृतकों के शवों का पंचनामा कार्रवाई कर जांच कर रही है.



